अकाली दल MSP या सुनिश्चित मंडीकरण से छेड़छाड़ नहीं होने देगा: सुखबीर

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2020 - 09:41 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर दोहराया है कि एम.एस.पी. या सुनिश्चित मंडीकरण से छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी। एक वर्चुअल कांफ्रैंस को संबोधित करते हुए शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों को गुमराह करके इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य और सुनिश्चित मंडीकरण प्रणाली खत्म हो जाएगी। यह सच से मीलों दूर है।

शिरोमणि अकाली दल किसानों की पार्टी है। हम किसानों की समस्याओं को समझते हैं और हमेशा किसानों के अधिकारों के लिए लड़े हैं। मैं किसानों को आश्वासन देता हूं कि अकाली दल उनके साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होने देगा। हम किसी को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा सुनिश्चित मंडीकरण के साथ छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं देंगे। 

मक्का किसानों की दुर्दशा के लिए कैप्टन जिम्मेदार : उन्होंने राज्य के मक्का किसानों की दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मक्का 1825 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य के मुकाबले दोआबा में 600 रुपए से 800 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक रहा था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुख्यमंत्री को नींद से जगाने के लिए कहते हुए सुखबीर ने कहा कि सरकार को मक्का को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में शामिल करना चाहिए और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तत्काल दोआबा क्षेत्र के मक्का किसानों को बर्बाद होने से बचाया जाना चाहिए। कांग्रेस सरकार इस योजना को लागू करने में विफल रही है जिसके तहत केंद्र उन राज्यों की क्षतिपूर्ति करता है जिन किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम कीमतों पर मक्का बेचने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा और मध्य प्रदेश ने इस योजना का लाभ उठाया था जिसके तहत केंद्र सरकार ने इस साल 14000 करोड़ आबंटित किए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News