नए गठबंधन इंडिया पर सुखबीर बादल ने ली चुटकी, पोस्टर जारी कर साधा निशाना
punjabkesari.in Wednesday, Jul 19, 2023 - 09:41 PM (IST)

चंडीगढ़ : एन.डी.ए. के खिलाफ घोषित किए गए नए गठबंधन इंडिया पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने चुटकी ली है। सुखबीर ने एक पोस्टर जारी करते हुए पंजाब के तमाम नेताओं को दिल्ली के पुत्र बताया है। पोस्टर में प्रमुख रूप से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल की फोटो लगाई गई है, जबकि पंजाब में प्रताप बाजवा, राजा वडिंग, भगवंत मान, सुखजिंद्र रंधावा और हरपाल चीमा को उक्त तीनों नेताओं के चापलूस बताया गया है।
सुखबीर ने इस गठजोड़ पर निशाना साधते हुए इन्हें पुत्त दिल्ली के करार दिया और कहा कि इन तमाम नेताओँ की लगाम अब दिल्ली के हाथों में है और ये पंजाब के हितों की अनदेखी करते हुए अपने सियासी आकाओं को खुश करने के लिए काम करेंगे। अब इनका मकसद राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को प्रमोट करना रह गया है।
सुखबीर बादल ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा और कहा कि पंजाब में इस समय आई हुई बाढ़ 'मान मेड फ्लड ट्रैजिडी' है और एयरबोर्न मुख्यमंत्री पंजाब को इस हालात में छोड़कर अन्य प्रदेशों में हवाई सैर कर रहे हैं। सुखबीर ने कहा कि ये सारे नेता कल तक एक दूसरे को जी भर कर कोस रहे थे, लेकिन अब ये किस मुंह से एक दूसरे के साथ मंच सांझा करेंगे और यह पंजाब में अकाली दल के शेरों का मुकाबला कैसे करेंगे। सुखबीर ने साथ ही यह भी कहा कि पंजाब के लोग इस समय बाढ़ से कराह रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री राज्य का खजाना अरविंद केजरीवाल को अन्य राज्यों में प्रमोट करने के लिए लुटा रहे हैं।