चंडीगढ़ के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान, प्रशासन की नई एडवाइजरी

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:16 PM (IST)

पंजाब डैस्क : चंडीगढ़ और पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार दोपहर पंजाब और चंडीगढ़ के लिए “सीवियर हीटवेव” यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है, जिससे लोगों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी अन्य बीमारियों का खतरा बना रहेगा।

इसी बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। चंडीगढ़ के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 23 मई से 30 जून 2026 तक रहेंगी (कुल 39 दिन)। हालांकि 29 और 30 जून को टीचर स्कूल आएंगे। प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को दोपहर के समय धूप में सीधे संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और अत्यधिक गर्मी के दौरान किसी भी प्रकार की आउटडोर गतिविधियों से बचा जाए।

मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी तेजी से हो सकती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और अधिक मात्रा में पानी पीते रहें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News