पंजाब के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को लेकर नई Update, जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 12:03 PM (IST)
चंडीगढ़ : पंजाब के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को लेकर अहम खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार इस बार राज्य के स्कूलों में जल्द ही छुट्टियों का ऐलान किया जा सकता है। चर्चा है कि 15 मई के बाद कभी भी गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा हो सकती है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
ऑनलाइन क्लासें भी हो सकती हैं शुरू
दरअसल, ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशभर में एहतियाती कदमों पर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ऑनलाइन व्यवस्थाओं को फिर से अपनाने की अपील की है। इसके बाद कई राज्यों में ऑनलाइन क्लासें शुरू करने या स्कूलों की छुट्टियां जल्दी करने की संभावना जताई जा रही है। इसी के मद्देनज़र पंजाब में भी गर्मियों की छुट्टियां तय समय से पहले घोषित की जा सकती हैं। गौरतलब है कि पंजाब में आमतौर पर 20 से 25 मई के बाद गर्मियों की छुट्टियों को लेकर फैसला लिया जाता है, लेकिन इस बार हालात को देखते हुए पहले निर्णय लिया जा सकता है। यह भी संकेत मिल रहे हैं कि अगर केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए कोई बड़ा फैसला लेती है तो स्कूलों में छुट्टियों से पहले ऑनलाइन क्लासें भी शुरू की जा सकती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड-19 के दौरान अपनाए गए उपायों जैसे वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लासें, ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को जरूरत पड़ने पर फिर से लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देशहित में इन व्यवस्थाओं को दोबारा सक्रिय करने की जरूरत पड़ सकती है।

