सिर्फ कुछ मिनटों में 75 हजार की ठगी! ''डिक्री'' के जुए से दुकानदार को बनाया शिकार, 6 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 11:18 PM (IST)

खरड़,  (अमरदीप सिंह सैणी): खरड़ के नजदीकी गांव संते माजरा में एक मोबाइल दुकानदार को डिक्री का जुआ खिलाकर 75 हजार रुपये और दो सोने की अंगूठियां ठगने के मामले में थाना सदर खरड़ पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दरपन सिटी, खरड़ निवासी सिकंदर चौधरी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में उसने बताया कि वह गांव संते माजरा में गुरुद्वारा साहिब के सामने 'चौधरी कम्युनिकेशन' नाम से मोबाइल की दुकान चलाता है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 26 जून की सुबह करीब 10:25 बजे वह अपनी दुकान की सफाई कर रहा था। इसी दौरान तीन व्यक्ति उसकी दुकान पर आए। कुछ देर बाद एक बुजुर्ग भी वहां पहुंच गया। इस दौरान एक व्यक्ति ने प्लास्टिक की डिक्रियों से जुए जैसी खेल शुरू कर दी और मौके पर मौजूद अपने साथियों को लगातार जिताता रहा, जिससे उसे भी दांव लगाने के लिए उकसाया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत उसे झांसे में लेकर 75 हजार रुपये ठग लिए। इसके अलावा उसकी एक सोने की अंगूठी भी ठगी से ले गए, जबकि दुकान के काउंटर पर रखी दूसरी सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गए।

पुलिस ने जांच के बाद शिकायत के आधार पर मनिंदर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, जसविंदर सिंह पुत्र जसवीर सिंह, विशाल कुमार पुत्र स्वर्ण कुमार, बलविंदर सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह, राजवीर सिंह पुत्र नछत्तर सिंह और अरविंदर सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह, सभी निवासी मोगा, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 61(2) और 305 के तहत मामला दर्ज किया है।

एसएचओ ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी गई 75 हजार रुपये की रकम, दोनों सोने की अंगूठियां तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद कर लिए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News