पंजाब में बढ़ रहा Swine Flu का खतरा, अब तक इतने मरीज आए सामने
punjabkesari.in Friday, Mar 03, 2023 - 02:18 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में एक बार फिर स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। वर्ष-2023 के पहले 2 महीनों में स्वाइन फ्लू के मामलों में मृत्यु दर में फिर से वृद्धि दर्ज की गई है। इस साल 1 जनवरी से 2 मार्च तक पंजाब स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से पता चला है कि स्वाइन फ्लू के कुल 29 मामले सामने आए हैं। इनमें से 4 संक्रमित मरीजों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
इस साल लुधियाना में 11, मोगा, बठिंडा, कपूरथला, होशियारपुर और संगरूर में 2-2 और मोहाली, रोपड़, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फतेहगढ़ साहिब में 1-1 मरीज सामने आया है। साल 2022 में इस बीमारी के 203 मरीज सामने आए, जिनमें से 42 मरीजों की मौत हो गई। जनवरी-2018 से 2 मार्च 2023 के बीच करीब 891 लोग स्वाइन फ्लू के शिकार हुए, जिनमें से 95 मरीजों की मौत हो गई और मृत्यु दर 10.66 फीसदी रही।
डॉक्टरों के मुताबिक स्वाइन फ्लू एक गंभीर बीमारी है और अगर इसका समय पर इलाज न किया जाए तो यह निमोनिया और गंभीर सांस की तकलीफ का कारण बन सकती है। बुजुर्गों, नवजात शिशुओं और गर्भवती महिलाओं में इस बीमारी का खतरा अधिक होता है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे ही होते हैं, जैसे बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और थकावट। स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए कोई टीका उपलब्ध नहीं है।