मान-केजरीवाल की सरकार न संविधान बचा पा रही, न संविधान निर्माता का सम्मान, ना दलितों की जान : चुग
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 06:06 PM (IST)
जालंधर : भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने पंजाब में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान और संगरूर में गुलजार सिंह की मौत की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के शासन में न तो संविधान सुरक्षित है, न संविधान निर्माता का सम्मान और न ही आम नागरिक की आवाज सुरक्षित है।
तरुण चुग ने कहा कि लुधियाना में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के साथ जूते की माला डालकर किया गया अपमान केवल एक प्रतिमा का अपमान नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और संविधान के मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर सवाल है कि पंजाब सरकार डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं तक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। जब पंजाब सरकार संविधान निर्माता की प्रतिमा की गरिमा की रक्षा नहीं कर सकती, तो वह संविधान के मूल्यों और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा का दावा कैसे कर सकती है?
चुग ने कहा कि दूसरी ओर संगरूर में गुलजार सिंह ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई और इसके बाद उनकी मौत का मामला सामने आया। उनके परिवार द्वारा उत्पीड़न और जातिगत दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। उन्होंने कहा कि यह घटना पंजाब में दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और न्याय को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। सरकार को यह बताना होगा कि आखिर एक आम नागरिक को अपने गांव में नशे के खिलाफ आवाज उठाने की कीमत अपनी जान देकर क्यों चुकानी पड़ी?
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के शासन में पंजाब में एक तरफ नशा लगातार गंभीर चुनौती बना हुआ है और दूसरी तरफ बाबा साहेब अंबेडकर जैसे महान संविधान निर्माता की प्रतिमा के अपमान की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह केवल कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं है, बल्कि AAP सरकार की संवेदनशीलता और शासन क्षमता पर भी गंभीर सवाल है।
तरुण चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आने से पहले संविधान, सामाजिक न्याय और आम आदमी के अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसका असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के दलित समाज को भाषण नहीं, सम्मान और सुरक्षा चाहिए; बाबा साहेब की प्रतिमाओं को राजनीति नहीं, संरक्षण चाहिए और पंजाब के नागरिकों को डर नहीं, न्याय चाहिए।
चुग ने पंजाब सरकार से मांग की कि अंबेडकर प्रतिमा के अपमान के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, राज्य में सभी प्रमुख अंबेडकर प्रतिमाओं और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा की समीक्षा की जाए तथा गुलजार सिंह की मौत की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा, “AAP सरकार को पंजाब की जनता को जवाब देना होगा कि वह संविधान की रक्षा के दावे तो करती है, लेकिन क्या वह संविधान निर्माता के सम्मान की भी रक्षा कर सकती है? पंजाब पूछ रहा है: जब सरकार बाबा साहेब की प्रतिमा की गरिमा नहीं बचा सकती, तो वह संविधान की गरिमा कैसे बचाएगी?”

