हरभजन सिंह के बयान ने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार मॉडल की खोली पोल: तरुण चुघ
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 06:46 PM (IST)
पंजाब डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने हरभजन सिंह को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह का बयान आम आदमी पार्टी के अंदर फैले भ्रष्टाचार, सौदेबाजी और सत्ता के दुरुपयोग की पोल खोलता है। चुघ ने कहा कि यह बयान साफ करता है कि किस तरह मंत्री पद, सांसद सीटें और राजनीतिक पद बोली लगाकर बेचे गए और पार्टी पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
तरुण चुघ ने आगे कहा कि, जिस पार्टी ने “इंडिया अगेंस्ट करप्शन” आंदोलन से जन्म लिया था, वही पार्टी आज भ्रष्टाचार, लूटखसोट और सत्ता के दुरुपयोग का प्रतीक बन चुकी है। आम आदमी पार्टी का घिनौना, भ्रष्टाचारी, अत्याचारी और राष्ट्रविरोधी चेहरा अब पूरे देश के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि, शाजिया इल्मी, किरण बेदी, आशुतोष और मयंक गांधी जैसे अनेक लोग आम आदमी पार्टी की सच्चाई सामने आने के बाद उससे दूरी बना चुके हैं। जिन आदर्शों की बात करके पार्टी राजनीति में आई थी, आज वही आदर्श पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं।
चुघ ने कहा कि “कोठी नहीं लेंगे” कहने वाले आज शीशमहलों में रह रहे हैं, “गाड़ी नहीं लेंगे” कहने वाले बड़े-बड़े काफिलों में घूम रहे हैं और “सुरक्षा नहीं लेंगे” कहने वाले अब सुरक्षा बलों की फौज लेकर चल रहे हैं। जो पार्टी ईमानदारी का दावा करती थी, वही आज कट्टर भ्रष्ट लोगों का टोला बन चुकी है। आम आदमी पार्टी पर लगातार गंभीर आरोप लग रहे हैं, लेकिन पार्टी का कोई भी नेता इन आरोपों का जवाब देने को तैयार नहीं है। चुघ ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आरोप लगाने वाले वही लोग हैं जो कभी आम आदमी पार्टी के साथ बैठकर पार्टी चलाते थे। आज वही लोग कह रहे हैं कि दिल्ली से आया “लुट्टू टोला” पंजाब को लूटने में लगा हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

