अबोहर में चोरों का आतंक: आधी रात घर में घुसे चोर, सुबह घर का मंजर देख परिवार के उड़े होश
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 05:52 PM (IST)
फाजिल्का : जिले में चोरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन बेखौफ चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला अबोहर से सामने आया है, जहां एक चोरों ने शहर के नई आबादी क्षेत्र में एक घर को निशाना बनाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने छोटी पौड़ी स्थित एक घर से नकदी और मोबाइल चुरा लिया और परिवार को भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि गत रात जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था तो चोर छत के रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए। पीड़ित व्यक्ति राजू ने बताया कि, वह फास्ट फूड की रेहड़ी लगाता है, गत रात जब वह और उनका परिवार सो रहा था तो चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की है। इस दौरान चोर घर से 12 हजार रुपए नकदी, 4 मोबाइल फोन, एक गुल्लक जिसमें करीब 4 हजार रुपए रखे थे लेकर चले गए।
परिवार वालों की जब सुबह नींद खुली तो उन्हें घटना का पता चला। इस दौरान परिवार वालों ने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था और छत पर खाली गुल्लक पड़ी थी, जिससे अनुमान लगाया गया कि, चोर छत के रास्ते से घर में दाखिल हुए। परिवार वालों ने इसकी सूचना तुरन्त पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और डर का माहौल बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

