ह्यूमन राइट्स कमीशन की जांच में खुली सिविल अस्पताल की पोल, कार्रवाई के आदेश
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 05:16 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन) : जिला मुख्यालय पर स्थित सिविल अस्पताल गुरदासपुर में एक बार फिर बड़े स्तर पर खामियां सामने आई हैं। पंजाब स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन के सदस्य द्वारा की गई अचानक जांच के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जिसे देखकर कमीशन के सदस्य ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। जांच के दौरान यह पाया गया कि अस्पताल के कई बाथरूमों पर ताले लगे हुए थे, जिसके कारण मरीजों और उनके साथ आए परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मामले को लेकर कमीशन के सदस्य ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
इसके अलावा सरकारी एंबुलेंस सेवा में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच के समय यह सामने आया कि एंबुलेंसों की रिकॉर्ड बुक में मरीजों के नाम और संपर्क विवरण दर्ज नहीं किए गए थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए कमीशन के सदस्य ने एंबुलेंस चालकों को भी सख्त चेतावनी दी। अस्पताल के भीतर साफ-सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और संक्रमण से बचाव से संबंधित भी कई खामियां सामने आईं। कमीशन के सदस्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिविल अस्पताल लोगों की जान बचाने और इलाज उपलब्ध कराने के लिए होता है, न कि उन्हें और अधिक परेशानियों व बीमारियों के खतरे में डालने के लिए।
इस मौके पर कमीशन के सदस्य ने सिविल सर्जन गुरदासपुर को निर्देश जारी करते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्टाफ की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल की कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार लाने के भी आदेश दिए गए, ताकि आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

