Ludhiana: होटलों में ठिकाना बदलकर बेखौफ जुआ खिलवा रहा ''D'' अक्षर वाला युवक, ''पुलिस सेटिंग'' का कर रहा दावा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 02:22 PM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में सट्टेबाजों और जुआरियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें खाकी का रत्ती भर भी खौफ नहीं रह गया है। जुए का सिंडिकेट चलाने वाले शातिर माफियाओं का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि वे पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रखते हैं। जैसे ही पुलिस की किसी संभावित रेड या कार्रवाई की भनक लगती है, वे तुरंत अपने होटल का ठिकाना बदल लेते हैं।
पुलिस कमिश्नर दफ्तर के पास से शुरू किया था काला धंधा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड़ मंडी का रहने वाला 'D' अक्षर के नाम से शुरू होने वाला एक युवक अपने पार्टनर के साथ बेखौफ होकर जुए का अड्डा चला रहा है। पहले आरोपी ने पुलिस कमिश्नर ऑफिस (CP Office) के बिल्कुल नजदीक स्थित एक नामी होटल में अपना अड्डा जमा रखा था। लेकिन जैसे ही उसे कार्रवाई की भनक लगी, उसने अगले ही दिन वहां से अपना पूरा सेटअप समेट लिया।
ठिकाना बदलकर पक्खोवाल रोड पहुंचा, फिर चीमा चौक में जमाया डेरा
दो दिन काम बंद रखने के बाद आरोपी ने पक्खोवाल रोड स्थित एक होटल में जुए का नया अड्डा शुरू कर दिया। जब पुलिस को इसकी भी भनक लगने की बात सामने आई, तो उसने वह होटल भी तुरंत खाली कर दिया। अब 'D' नाम से चर्चित इस युवक ने अपने जुआरी ग्राहकों को यह भरोसा दिलाना शुरू कर दिया है कि उसकी 'ऊपर पुलिस से पक्की सेटिंग' हो चुकी है और अब घबराने की कोई बात नहीं है। इन दावों के साथ उसने चीमा चौक के पास स्थित एक होटल में अपना काला धंधा दोबारा शुरू कर दिया है, जहां सोमवार और मंगलवार की पूरी रात जमकर जुआ खेला गया।
सफेदपोशों की छत्रछाया, पुलिस की चुप्पी पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक, इस गैर-कानूनी धंधे में शहर के कई प्रभावशाली और सफेदपोश लोग भी शामिल हैं, जो बैकफुट पर रहकर जुआ माफिया का पुलिस कार्रवाई से बचाव करवाते हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस प्रशासन को इन सट्टेबाजों के अड्डों की पूरी जानकारी होने के बावजूद ये माफिया बेखौफ होकर शहर के नामी होटलों में अपना जाल फैला रहे हैं। लोगों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से ऐसे होटलों और जुआ माफियाओं पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

