Ludhiana: जनरल स्टोर पर शातिर चोरों का धावा, गाड़ियां भरकर ले गए 8 लाख का माल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 02:03 PM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में बेखौफ घूम रहे चोर गिरोहों के हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पूरी प्लानिंग के साथ गाड़ियां लेकर वारदात को अंजाम देने पहुंच रहे हैं। ताजा मामला गयासपुरा इलाके का है, जहां एक बड़े जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए करीब आधा दर्जन शातिर चोरों ने गैस कटर की मदद से ताले काट डाले। इसके बाद चोर दुकान के अंदर से राशन, महंगे ड्राई फ्रूट्स और अन्य कीमती सामान गाड़ियों में भरकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोर करीब 7 से 8 लाख रुपये का माल समेट ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वे अपने साथ एक 'छोटा हाथी', एक बोलेरो जीप और 2 मोटरसाइकिल लेकर पहुंचे थे। गिरोह ने बड़ी ही चालाकी से काम का बंटवारा कर रखा था। बाइक सवार बदमाश दुकान के बाहर सड़क पर खड़े होकर चारों तरफ निगरानी कर रहे थे ताकि कोई राहगीर या पुलिस पार्टी नजदीक न आ सके, जबकि उनके बाकी साथी दुकान का ताला काटकर अंदर से धड़ाधड़ सामान गाड़ियों में लोड कर रहे थे।
चोरों ने दुकान के मुख्य शटर पर लगे मजबूत तालों को गैस कटर की मदद से पल भर में काट दिया। इसके बाद दुकान में दाखिल होकर भारी मात्रा में रखा कीमती राशन, महंगे ड्राई फ्रूट्स और अन्य जनरल मर्चेंडाइज का सामान समेटा और गाड़ियों में भरकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान के ताले कटे और शटर उठा देखा गया, तो वारदात का खुलासा हुआ। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उसका करीब 7 से 8 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित दुकानदार ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया और थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों के वाहनों (छोटा हाथी, बोलेरो और बाइकों) के नंबर और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह को ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

