पॉश इलाके में दिनदहाड़े चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे शातिर ठग, इलाके में सनसनी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 09:55 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े घर के भीतर घुसकर शातिराना अंदाज में भारी चोरी को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चाबी बनाने और ताले ठीक करने का झांसा देकर घर में घुसे 2 शातिर ठगों ने परिवार की मौजूदगी में अलमारी के लॉकर से करीब 50 तोला सोना साफ कर दिया। हैरत की बात यह रही कि वारदात के समय परिवार के बुजुर्ग कमरे में ही कुर्सी पर सामने बैठे थे, इसके बावजूद आरोपियों ने नजरें बचाकर हाथ की सफाई दिखाई और बिना पैसे लिए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक दिन पहले फंसा दी थी चाबी, सुबह आने का दिया झांसा

पीड़ित परिवार के बुजुर्ग ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एक दिन पहले एक चाबी बनाने वाला गली से गुजर रहा था। उन्होंने मुख्य गेट का लॉक ठीक करवाने के लिए उसे आवाज दी। उसने गेट का लॉक दुरुस्त किया और मेहनताने के तौर पर ₹150 ले लिए। इसके बाद उसने अलमारी का लॉक भी ठीक करवाने की बात कही। अलमारी देखते समय उसने चालाकी से घर वालों से एक पतली चाबी मांगी और उसे लॉक के अंदर फंसा दिया। इसके बाद उसने कहा कि चाबी अंदर टूटकर अटक गई है और अब यह लॉक सामान्य तरीके से नहीं खुलेगा। उसने बुजुर्ग को भरोसा दिलाया कि वह अगली सुबह अपने चाचा को साथ लेकर आएगा, जिन्हें ताले खोलने का करीब 30 साल का तजुर्बा है।

बुजुर्ग को बातों में उलझाया, दूसरे ने उड़ा लिया 50 तोला सोना

बुजुर्ग के अनुसार, योजना के मुताबिक अगली सुबह दोनों आरोपी साइकिल पर सवार होकर घर पहुंचे। एक आरोपी ने बुजुर्ग को अलमारी के बाहर हैंडल और ऊपरी हिस्सा ठीक करने के काम में अपनी बातों में बुरी तरह उलझा लिया। इसी बीच, मौका पाकर दूसरे आरोपी ने पलक झपकते ही अंदर का लॉकर खोल लिया। लॉकर में रखे एक पर्स में परिवार का करीब 50 तोला सोना रखा हुआ था। शातिर ने सारा सोना निकालकर अपनी जेब के रख खाली पर्स को वापस वहीं फेंक दिया ताकि तुरंत किसी को शक न हो। काम पूरा होते ही दोनों आरोपी बिना अपनी मजदूरी मांगे ही जल्दबाजी में साइकिल उठाकर वहां से रफूचक्कर हो गए। उनके जाने के बाद जब परिजनों ने शक होने पर लॉकर देखा, तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।

इलाके में महीने भर में 5 से 7 वारदातें, लोगों में दहशत

परिवार की महिला सदस्य ने रोष और चिंता जताते हुए कहा कि पॉश इलाका होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस इलाके में पिछले एक महीने के भीतर चोरी और ठगी की यह 5वीं या 7वीं घटना है। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय निवासियों में भारी असुरक्षा और दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर और प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपियों को तुरंत दबोचकर उनका चोरी हुआ सोना बरामद करवाया जाए।

CCTV फुटेज में दिखे चेहरे, मॉडल टाउन पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घर और गली के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें साइकिल सवार दोनों संदिग्धों के चेहरे पूरी तरह साफ नजर आ रहे हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्धों का रूट ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पुराने चाबी बनाने वाले और ऐसे गिरोहों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News