सिर में गोलियां मार दूंगा... कांग्रेस नेता को धमकी भरा Call, कहा- सिद्धू मूसेवाला और बलकौर सिंह के खिलाफ बयानबाजी कर दे बंद
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 08:17 PM (IST)
पंजाब डेस्क : कांग्रेस नेता को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला और उनके पिता बलकौर सिंह सिद्धू के संबंध में की गई बयानबाजी को लेकर मानसा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की को कथित तौर पर धमकी मिलने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, नेता को पुर्तगाल से एक विदेशी नंबर धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात बंबीहा गैंग का सदस्य बताया है।

कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की की शिकायत के आधार पर थाना सदर मानसा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गुरप्रीत सिंह विक्की ने बताया कि उन्हें एक विदेशी नंबर से Whatsapp कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बंबीहा ग्रुप से संबंधित बताया और सिद्धू मूसेवाला तथा उनके पिता बलकौर सिंह के संबंध में की जा रही बयानबाजी पर आपत्ति जताई। इसके साथ ही भविष्य में इस तरह की बयानबाजी जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उसने गुरप्रीत सिंह विक्की से कहा कि , तेरे सिर में गोलियां मरवाऊंगा और तेरे घर के अंदर तक तेरे पीछे कोई पालतू पशु भी नहीं छोड़ना।
वहीं नेता गुरप्रीत सिंह विक्की का कहना है कि उनकी ओर से सिद्धू मूसेवाला के प्रति व्यक्तिगत तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। उनके द्वारा की गई बयानबाजी सिद्धू मूसेवाला के पिता की ओर से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग के संबंध में की गई टिप्पणियों के जवाब में थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने इसके बावजूद भविष्य में सिद्धू मूसेवाला या उनके पिता के संबंध में बयानबाजी नहीं करने के लिए कहा। थाना सदर मानसा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा कॉल से संबंधित तथ्यों और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। गुरप्रीत सिंह विक्की ने कहा कि उन्होंने कभी भी व्यक्तिगत तौर पर किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

