बठिंडा में बेखौफ अपराधी, दो दिन में 3 वारदातें… फिर भी खाली हाथ पुलिस!

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 05:38 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा) : बठिंडा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब न कानून का डर है और न ही पुलिस का। बीते दो दिनों में चोरी और ठगी की तीन बड़ी वारदातों ने जिले की कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। हैरानी की बात ये तीनों ही घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं। बावजूद इसके पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज के बावजूद अपराधी पकड़ में नहीं आ रहे, तो आम आदमी खुद को सुरक्षित कैसे माने? 

क्लीनिक में दिनदहाड़े चोरी, डॉक्टर का पर्स लेकर फरार हुए युवक 

पहली घटना शहर के परिंदा रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में सामने आई, जहां दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक क्लीनिक में दाखिल हुए। प्रारंभिक तौर पर उनका इरादा लूटपाट का बताया जा रहा है, लेकिन उस समय क्लीनिक के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपियों की नजर टेबल पर रखे डॉक्टर के पर्स पर पड़ी, जिसे वे उठाकर मौके से फरार हो गए। पर्स में करीब 9 हजार रुपये नकद के अलावा जरूरी दस्तावेज भी थे। पूरी घटना क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। 

निजी अस्पताल के बाहर से मरीज का मोटरसाइकिल चोरी 

दूसरी घटना सौ फीट रोड स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर हुई, जहां से एक मरीज का मोटरसाइकिल चोरी कर लिया गया। यह वारदात 7 फरवरी की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान गांव कोटफत्ता निवासी यादविंदर सिंह के रूप में हुई है। यादविंदर सिंह किसी काम से अस्पताल आए थे और उन्होंने अपना मोटरसाइकिल अस्पताल के बाहर खड़ा किया था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक पैदल आया और मौके का फायदा उठाते हुए मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। यह घटना भी अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। 

एटीएम कार्ड बदलकर 23,500 रुपये उड़ाए

तीसरी और सबसे चिंताजनक घटना आदेश अस्पताल के बाहर स्थित एक एटीएम कक्ष में सामने आई, जहां ठगी की शातिर वारदात को अंजाम दिया गया। एटीएम से पैसे निकालने आए एक युवक का कार्ड दो अज्ञात बदमाशों ने चालाकी से बदल दिया। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे एटीएम से पीड़ित के खाते से करीब साढ़े 23 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला जब उसके मोबाइल पर पैसे निकलने के मैसेज आए। उसने एटीएम कक्ष की सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें दो संदिग्ध युवक साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी, लेकिन इस केस में भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। 

कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल, नई एसएसपी के दावे खोखले? 

इन लगातार हो रही घटनाओं से स्पष्ट है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हाल ही में जिले की कमान संभालने वाली नई एसएसपी डॉ. ज्योति यादव बैंस द्वारा अपराध रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास फिलहाल कागजी ही नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और निगरानी केवल फाइलों तक सीमित रह गई है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जनता में आक्रोश, पुलिस पर उठ रहे सवाल लगातार चोरी और ठगी की घटनाओं से आम नागरिकों में रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के बावजूद अपराधियों को नहीं पकड़ पा रही, तो यह कानून-व्यवस्था की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News