Police को मिली बड़ी सफलता, बुजुर्ग महिला से लूटपाट करने वाले गिरोह के 3 सदस्य काबू
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 07:26 PM (IST)
तलवाड़ा (जोशी): शरारती तत्वों के खिलाफ चलाई गई विशेष मुहिम के तहत तलवाड़ा पुलिस ने लूटपाट करने वाले एक गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई एस.एस.पी. होशियारपुर संदीप कुमार मलिक, एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) मनप्रीत शीमार और डी.एस.पी. दसूहा हरगुरदेव सिंह के निर्देशों पर एसएचओ तलवाड़ा सतपाल सिंह के नेतृत्व में अमल में लाई गई।
पुलिस के अनुसार, गांव भटोली के पास कंडी नहर पर एक कार में सवार 4 युवकों द्वारा एक बुजुर्ग महिला के कानों की बालियां छीनने की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में तलवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जब एएसआई सिकंदर सिंह ने साथी कर्मचारियों के साथ तफ्तीश शुरू की, तो मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए गिरोह के 3 सदस्यों को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलबीर सिंह उर्फ बब्लू पुत्र परमजीत सिंह निवासी खुड्डा, थाना टांडा, सुमीर पुत्र संगीत पाल निवासी खुण-खुण कलां, थाना टांडा तथा प्रेम सागर उर्फ सागर पुत्र परमजीत सिंह निवासी कुमपुर, थाना गढ़दीवाला के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा वारदात के समय इस्तेमाल की गई कार (नंबर पी.बी.01-एफ-6405) और सोने की बालियां बेचकर हासिल की गई नकदी बरामद कर ली गई है। गिरोह के चौथे फरार सदस्य की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस रिमांड के दौरान माना है कि वे इलाके में लगातार सक्रिय थे। उन्होंने कबूल किया कि 7 जुलाई को उन्होंने गांव जंडोर में एक्टिवा सवार एक दंपत्ति को घेरकर महिला की बालियां और 15 हजार नकद छीने थे और उसी दिन उन्होंने गांव घोगरा अड्डे पर भी एक अन्य महिला को निशाना बनाते हुए उसकी बालियां छीनी थीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से गहराई से पूछताछ की जा रही है, जिससे इलाके में हुई कुछ अन्य वारदातों के भी सुलझने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

