गुरदासपुर में चोरों का आतंक: एक ही रात में 3 दुकानों को बनाया निशाना, दहशत का माहौल

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 02:57 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया):  गुरदासपुर में चोरों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रही है। गांव पंडोरी महंता में चोरों ने एक ही रात में 3 अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई इस घटना में रेडीमेड कपड़ों की दुकान, मेडिकल स्टोर तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार चोर बड़ी सफाई से दुकानों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नकदी सहित कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए।

श्री गुरु राम दास मेडिकल स्टोर के मालिक ने बताया कि चोर दुकान से करीब 40 से 50 हजार रुपए की नकदी के अलावा महंगी दवाइयां भी अपने साथ ले गए। वहीं इलेक्ट्रॉनिक दुकान के मालिक के अनुसार चोर करीब 20 से 25 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। अन्य दुकान में भी नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। घटना के दौरान चोर आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए हैं। हालांकि रात का समय होने और चेहरों को कपड़े से ढके होने के कारण फुटेज में उनकी तस्वीरें स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल बना हुआ है। पीड़ित दुकानदार राजेश कुमार सहित अन्य प्रभावित व्यापारियों ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एक ही रात में लगातार 3 दुकानों में हुई चोरी की घटना से गांव पंडोरी महंता के व्यापारियों और ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News