लुधियाना में हाईटेंशन तारों की चपेट में आया 16 टायर ट्राला, ड्राइवर की दर्दनाक मौ''त
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 10:44 AM (IST)
लुधियाना (गीतांजलि) : लुधियाना के गिल रोड इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें 16 टायर वाले ट्राले के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रो लाइफ हॉस्पिटल के नजदीक हाईटेंशन बिजली लाइनों से ट्राला टकरा गया, जिससे वाहन में आग लग गई और ड्राइवर करंट की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। ट्राला सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का तार लगते ही पूरे वाहन में करंट फैल गया और कुछ ही पलों में ट्राला आग की लपटों से घिर गया।
केबिन से उतरते समय लगा करंट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राले में आग लगने के बाद ड्राइवर ने केबिन से बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश की। जैसे ही उसने नीचे उतरने के लिए पैर रखा, वह ट्राले और जमीन के बीच बने करंट प्रवाह की चपेट में आ गया। तेज करंट के कारण वह संभल नहीं सका और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
25 साल से ड्राइविंग कर रहा था मृतक
मृतक की पहचान हरविंदर सिंह, निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 25 वर्षों से ड्राइविंग के पेशे से जुड़ा हुआ था और वर्तमान में टुडे लॉजिस्टिक्स कंपनी में कार्यरत था। हरविंदर अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं।
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर प्रो लाइफ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

