पिकअप गाड़ी में सवार प्रवासी खेत मजदूरों के साथ दर्दनाक हादसा, एक की मौ''त
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 04:26 PM (IST)
टांडा उड़मुड़ (पंडित) : टांडा–होशियारपुर रोड पर गांव पंडोरी अजीत स्थित अजीत कैंसल पैलेस के सामने आज सुबह हुए एक सड़क हादसे में बोलेरो पिकअप गाड़ी में सवार एक प्रवासी खेत मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके तीन अन्य साथी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुआ, जब पैलेस के सामने सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन में कूड़े के ढेर में लगी आग से उठ रहे धुएं के कारण पिकअप गाड़ी चालक को सामने खड़े टिपर वाहन का सही अंदाजा नहीं हो सका और गाड़ी सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में करीब 15 प्रवासी मजदूर सवार थे, जो गांव बैंचां की ओर गन्ने के खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। हादसे में पिकअप सवार धोके सिंह पुत्र मौली राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम रानी पुत्री संग्राम सिंह, चालक अमर चौधरी पुत्र ज्ञान सिंह चौधरी तथा ज्योति पत्नी राजू घायल हो गए। घायलों को टांडा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद होशियारपुर रेफर कर दिया गया। इसके अलावा गाड़ी में सवार कुछ अन्य मजदूरों को भी मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश के जिला लखीमपुर खीरी के गांव परसिया के रहने वाले हैं और वर्तमान में गांव बसी जलाल में रहकर इलाके में गन्ने की छिलाई और बुवाई का काम करते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

