भयानक सड़क हादसे में खिलाड़ी की दर्दनाक मौ;त, साथी घायल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 10:43 AM (IST)

खमाणों (सुरेश): खमाणों के गांव ढोलेवाल में हुए सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी जसवीर सिंह जस्सा मंसूरपुर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार थाना खेड़ी नौध सिंह पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा सुरमुख सिंह ने बताया कि जसवीर सिंह जस्सा पुत्र बलजीत सिंह निवासी गांव मंसूरपुर, अपने दोस्त नवनीत सिंह के साथ 6 अप्रैल की शाम करीब 8.30 बजे गांव जलोवाल (खेड़ी नौध सिंह के पास) में रिश्तेदारी से वापस अपने गांव लौट रहा था। दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे।

जैसे ही वे गांव ढोलेवाल के नजदीक पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर के साथ मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही जसवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं नवनीत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

इस संबंध में एस.एच.ओ. मेजर सिंह, थाना खेड़ी नौध सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा सुरमुख सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुखद हादसे ने एक होनहार खिलाड़ी की जान ले ली, जिससे परिवार और गांव में गहरा दुख है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के उपायों को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News