घर में सो रहे लोगों को अचानक सुनी धमाके की आवाज, बाहर निकले तो...
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 05:06 PM (IST)
लुधियाना (तरुण): ख्वाजा कोठी चौक के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।पीड़ित जब घर से बाहर आया तो उसने देखा कि ट्रक ने दो कारों को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। जब वह ट्रक ड्राइवर के पास पहुंचा तो पाया कि ड्राइवर नशे की हालत में था। इसके बाद उसने थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस को शिकायत दी, जिस पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित सन्नी कुमार ने बताया कि रविवार तड़के वह घर में सो रहा था। करीब सवा चार बजे तेज धमाके की आवाज सुनकर वह बाहर निकला, तो देखा कि एक ट्रक ने उसकी कार सहित दो कारों को टक्कर मार दी है। टक्कर के बाद ट्रक सड़क के बीचो-बीच खड़ा था और ड्राइवर नशे की हालत में था।

थाना प्रभारी नवदेव सिंह ने बताया कि ट्रक चालक ने दो कारों को टक्कर मारी थी और वह नशे में था, जिसका मेडिकल करवाया गया है। ट्रक में स्टील लदा हुआ था। घटना के समय कारों में कोई मौजूद नहीं था, जिस कारण जानी नुकसान होने से बचाव हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक सहित ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित सन्नी कुमार निवासी बांगडू मोहल्ला के बयान पर आरोपी आशीष कुमार निवासी गांव रीभा, मुरादपुरा, आंझी, शाहबाद जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

