‘मनचलों’ की छुट्टी! लुधियाना में स्कूल के बाहर बड़ा चेकिंग अभियान, कई वाहन जब्त

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 07:30 PM (IST)

लुधियाना (गीतांजलि) : पंजाब के लुधियाना में कमिश्नरेट पुलिस ने छात्रों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को बीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किचलू नगर के बाहर विशेष चैकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई कमिश्नर पुलिस स्वपन शर्मा IPS के निर्देशों पर की गई। अभियान की अगुवाई एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने ट्रैफिक पुलिस की टीमों के साथ की। इस दौरान ट्रैफिक उल्लंघन और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती बरती गई।

ईव-टीजिंग या कमेंट्स करने वालों को दी चेतावनी

स्कूल में छुट्टी के बाद जो युवक बाइकों पर ईव-टीजिंग या कमेंट्स करते हैं, उन पर सख्ती बरती गई। बेवजह घूम रहे लोगों को चेतावनी दी गई। पुलिस ने कुल 43 वाहनों के चालान काटे जबकि 2 वाहन जब्त किए गए। इसके साथ साथ तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई। स्कूल के बाहर लगे ठेलों और दुकानों की जांच की गई ताकि युवाओं को किसी तरह का नशीला या अवैध सामान न मिले।

हमारा मकसद छात्रों को निडर और सुरक्षित माहौल देना : ADCP गुरप्रीत पुरेवाल

ADCP ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने कहा कि हमारा मकसद छात्रों को निडर और सुरक्षित माहौल देना है। आज 43 चालान और 2 वाहन जब्त कर यह संदेश दिया गया है कि शोर-शराबा और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे सरप्राइज चेक शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उत्पीड़न की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News