लुधियाना में झपटमारों का आतंक, घर के बाहर भी Safe नहीं लोग
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 10:41 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब लोग अपने घर के बाहर भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सामने आया है जहां सैर कर रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाकर बाइक सवार लुटेरे उसका कीमती मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मोहम्मद शहनाद ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 28 मार्च को वह रोजाना की तरह अपने घर के बाहर सैर कर रहा था। इसी दौरान एक काले रंग के मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाता, बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से वीवो मार्क का मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़ित के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वालों में राजू और कृष्णा नामक युवक शामिल थे, जिनके साथ एक अन्य अज्ञात साथी भी था। मोबाइल छीनने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पलक झपकते ही गलियों में गायब हो गए। सरेआम हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष और डर पाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि झपटमार बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। नामजद आरोपियों राजू और कृष्णा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

