लुधियाना में गुंडागर्दी: हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार को बनाया बंधक, लोग इकट्ठा होते देख भागे
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 08:25 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब सरेआम दुकानों में घुसकर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला मोहल्ला आनंद पुरी, मेन काली सड़क का है, जहां स्थित 'विश्वकर्मा टिंबर स्टोर' में घुसकर हमलावरों ने जमकर तांडव मचाया।
दुकानदार पर किया जानलेवा हमला
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती 12 मई को रोनी डावर अपने एक अज्ञात साथी के साथ सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार होकर उसकी दुकान पर आया। दुकान में दाखिल होते ही आरोपियों ने दुकानदार को बंधक बना लिया। इस दौरान रोनी डावर ने अपने पास छिपाकर रखा तेजधार किर्च नुमा हथियार निकाला और दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू
हमलावरों ने न सिर्फ पीड़ित के साथ बुरी तरह मारपीट की, बल्कि जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद पब्लिक इकट्ठा होने से घबराए हमलावर अपनी एक्टिवा मौके पर ही छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से बरामद वाहन के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

