लुधियाना के डॉक्टर को पाकिस्तान के नंबर से धमकी: "बंदा बन जा, नहीं तो बंदा बना देंगे", विदेशी कॉल से मांगी फिरौती
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): गांव कटाणी कलां में आयुर्वेद क्लीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकियां मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर कॉलर ने न केवल डॉक्टर को डराया-धमकाया, बल्कि मोटी रकम की मांग करते हुए अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है। पाकिस्तान के कोड वाले नंबर से आई इस कॉल के बाद पीड़ित डॉक्टर का परिवार गहरे खौफ में है। इस मामले में थाना कूमकलां की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
पैसों का इंतजाम नहीं तो अंजाम बुरा
ज्ञान आयुर्वेद क्लिनिक चलाने वाले पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि 11 मई 2026 की सुबह करीब 10:08 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर (+923142510426) से फोन आया। फोन उठाते ही दूसरी तरफ से किसी ने बेहद आक्रामक और धमकी भरे लहजे में कहा, "तू बंदा बन जा, नहीं तो हम तुझे बंदा बना देंगे। हमें तेरे बारे में सब पता है।"हैरानी की बात यह है कि एक बार फोन कटने के बाद भी डॉक्टर को लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं। कॉलर अब सीधा पैसों की मांग पर उतर आया है। आरोपी ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर जल्द ही पैसों का इंतजाम नहीं किया, तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा।
अज्ञात नंबर के आधार पर जांच शुरू
डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है और उनके ठिकानों की जानकारी होने का दावा कर रहा है। विदेशी नंबर से फिरौती मांगे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस ने अज्ञात नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से कॉलर की लोकेशन और पहचान ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। इलाके के लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और डॉक्टर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।

