Ludhiana: ग्राहक बनकर आया ठग, दुकानदार से ही Google Pay से करवा ली पेमेंट

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:28 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर के बाजारों में इन दिनों ठगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे बड़ी ही मासूमियत से दुकानदारों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ठगी का एक ऐसा ही अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला 'आर जॉनी गारमेंट' की दुकान से सामने आया है, जहाँ एक शातिर आरोपी ने दुकानदार को अपनी बातों के जाल में ऐसा फंसाया कि दुकानदार को हजारों की चपत लग गई। |

दुकानदार से ही अपने खाते में करवाए 12 हजार रुपये गूगल पे
जानकारी के मुताबिक विकास थापर ने बताया कि दुकान पर एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दाखिल हुआ और उसने काफी सारा कीमती सामान पसंद कर उसे पैक करने को कहा। जब दुकानदार सामान पैक करने में व्यस्त था, तो आरोपी ने बड़ी चालाकी से अपने मोबाइल का स्कैनर आगे कर दिया और दुकानदार से ही अपने खाते में 12 हजार रुपये गूगल पे करवा लिए। हैरानी की बात तो यह रही कि पैसे ट्रांसफर करवाने के बाद आरोपी ने बड़ी ही सफाई से दुकानदार को कहा कि वह बाथरूम होकर अभी वापस लौटता है। दुकानदार बेचारा उस पर भरोसा कर बैठा रहा और आरोपी अपना पैक किया हुआ सामान दुकान पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया। 

आरोपी साहिल मक्कड़ के खिलाफ केस दर्ज
जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आया तो पीड़ित दुकानदार के पैरों तले जमीन खिसक गई। ठगी का अहसास होते ही जब दुकानदार ने आसपास पता किया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह शातिर ठग पहले भी कई दुकानदारों के साथ इसी तरह की हाथ सफाई कर चुका है। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 4 की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी साहिल मक्कड़ के खिलाफ केस दर्ज कर उसको दबोच लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि शहर में हुई अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश किया जा सके।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News