Ludhiana में थाना बना अखाड़ा!  'हाई-वोल्टेज ड्रामा'', पति-पत्नी में चले लात-घूंसे

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 07:34 PM (IST)

लुधियाना,  (राज/अनिल): जहाँ कानून की रक्षा होती है, उसी थाने की चौखट के बाहर आज कानून की धज्जियाँ उड़ती दिखाई दीं। सलेम टाबरी थाने के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बंद कमरों में होने वाला पारिवारिक क्लेश बीच सड़क पर आ गया। थाने में समझौता करने पहुँचा एक दंपति अपनी मर्यादा भूल गया और उनके बीच ऐसा 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' शुरू हुआ कि राहगीर भी तमाशबीन बन गए। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुई, लात-घूंसे चले और देखते ही देखते पुलिस स्टेशन का मुख्य द्वार जंग का मैदान बन गया।

हंगामे के बीच चीखती-चिल्लाती पत्नी ने अपने पति पर रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए। पीड़िता का आरोप है कि वह तो पूरी ईमानदारी से अपना घर बसाने और राजीनामा करने थाने आई थी। लेकिन, पति के सिर पर खून सवार था। उसने बातचीत के दौरान ही भद्दे शब्दों की बौछार कर दी। पत्नी का दावा है कि पति ने सरेआम उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बीच सड़क पर उसके कपड़े तक फाड़ दिए।

दूसरी तरफ, पति ने भी बैकफुट पर आने के बजाय अपनी पत्नी और सालियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पति ने पत्नी के चरित्र पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसकी बीवी कई गैर-मर्दों के संपर्क में है। उसने पुलिस के सामने चिल्लाते हुए मांग की, "अगर सच जानना है, तो अभी इसका मोबाइल फोन जब्त कर जांच करवाई जाए, सारा दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।" पति ने अपनी सालियों को 'घर का विलेन' बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी तो मान चुकी थी, लेकिन सालियां जानबूझकर उसका घर उजाड़ने पर तुली हैं।

सड़क पर हो रहे इस सरेआम ड्रामे के कारण वहाँ वाहनों के पहिए थम गए और भारी जाम लग गया। लोग अपनी गाड़ियां खड़ी कर इस घरेलू क्लेश का लुत्फ उठाते नजर आए।

क्या कहती है खाकी?
सलेम टाबरी पुलिस के मुताबिक, इस जोड़े का पुराना विवाद है। दोनों को समझाने के लिए बुलाया गया था, लेकिन अंदर की चिंगारी बाहर आते ही शोला बन गई। गाली निकालने की एक छोटी सी बात पर दोनों पक्ष हिंसक हो उठे। फिलहाल पुलिस ने  दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस अब दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News