Ludhiana: नगर निगम की खुदाई से ठप हुई बिजली, भीषण गर्मी में लोग बेहाल
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 05:32 PM (IST)
लुधियाना (राकेश मोदगिल): लुधियाना महानगर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित राजिंदर नगर, राम नगर और कॉलेज रोड इलाके में मंगलवार सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच कई घंटों तक बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित रहने से स्थानीय निवासियों में रोष देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार कॉलेज रोड पर एक ज्वैलर की पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के बाद नगर निगम की टीम मरम्मत कार्य के लिए मौके पर पहुंची थी। लीकेज ठीक करने के लिए की गई खुदाई के दौरान अंडरग्राउंड बिजली की केबल प्रभावित हो गई, जिसके चलते सुबह करीब 10 बजे से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस संबंध में जब बिजली विभाग के एक्सईएन (XEN) से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के लिए की गई खुदाई के दौरान भूमिगत बिजली की तारें बाहर निकल गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी कारण इलाके की बिजली सप्लाई बाधित हुई है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई कार्य के दौरान पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई। लोगों ने बताया कि कई घंटों से बिजली न होने के कारण घरों में पानी की समस्या भी पैदा हो गई है और भीषण गर्मी में बुजुर्गों, बच्चों तथा मरीजों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद नगर निगम की टीम वहां मौजूद नहीं थी और संबंधित अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उधर, बिजली विभाग का कहना है कि नुकसान नगर निगम की खुदाई के कारण हुआ है, जबकि स्थानीय लोग दोनों विभागों के बीच समन्वय की कमी को इस समस्या का मुख्य कारण मान रहे हैं। फिलहाल प्रभावित इलाकों के निवासी बिजली बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं और विभाग की ओर से रात करीब 8 बजे तक सप्लाई सामान्य होने की संभावना जताई गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

