IAS ओजस्वी ने संभाला लुधियाना नगर निगम कमिश्नर का पद, अधिकारियों के साथ की पहली बैठक
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 02:54 PM (IST)
लुधियाना(हितेश): पंजाब सरकार द्वारा नियुक्त किए गए आईएएस अधिकारी ओजस्वी ने सोमवार को लुधियाना नगर निगम के नए कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार संभाला। उन्होंने लुधियाना डिप्टी कमिश्नर (डीसी) के साथ चार्ज ग्रहण किया। वह 2020 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और नगर निगम में नीरू कत्याल की जगह पर आए है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए कमिश्नर ओजस्वी ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, लंबित परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
ओजस्वी इससे पहले ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) में चीफ एडमिनिस्ट्रेटर के पद पर कार्यरत थे। प्रशासनिक कार्यों का उनका अनुभव अब नगर निगम के कामकाज को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकता है। नगर निगम में नए कमिश्नर की नियुक्ति के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभागों के प्रभार में फेरबदल, कार्यप्रणाली में सुधार और शहर के विकास से जुड़े कई नए फैसले लिए जा सकते हैं।

