लुधियाना में नकली ''पुलिस'' का आतंक: खुद को CIA मुलाजिम बताकर रेहड़ी संचालक को उठाया, कार की डिग्गी में डालकर हुए फरार
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:01 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस का नाम इस्तेमाल कर सरेआम अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। राजगुरु नगर कट के पास से एक रेहड़ी संचालक को जबरन कार की डिग्गी में डालकर ले जाने के मामले ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने मोहम्मद साबर की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर दिया है।
आरोपियों ने बड़ी ही आसानी से लोगों को किया गुमराह
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके मौसा ताजुद्दीन, जो क्वालिटी चौक के पास अपनी चाय-पान की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजर-बसर करते हैं, पर 6-7 अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने पहले ताजुद्दीन की जमकर पिटाई की और फिर उन्हें जबरन अपनी कार (PB 10 GS 8234) की डिग्गी में बंद कर लिया। जब आसपास के लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने बड़ी चालाकी से झूठ बोला कि वे सीआईए (CIA) के कर्मचारी हैं और ताजुद्दीन को किसी मामले में पूछताछ के लिए दफ्तर ले जा रहे हैं। खुद को खाकी का हिस्सा बताकर आरोपियों ने बड़ी ही आसानी से लोगों को गुमराह किया और पीड़ित को अगवा कर किसी अज्ञात स्थान की ओर निकल गए।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि बदमाश पुलिस के नाम का सहारा लेकर वारदात को अंजाम दे गए और उन्हें अब तक ताजुद्दीन का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार नंबर के आधार पर आरोपियों का पता लगाना शुरू कर दिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि क्या वाकई यह कोई अपहरण गिरोह है जो पुलिस का नाम बदनाम कर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है।

