लुधियाना में व्यापारी ने जहरीली दवा निगलकर की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 07:47 PM (IST)

हलवारा (लाडी) : गांव ऐतियाणा में प्रसिद्ध 82 वर्षीय फीड व्यापारी कुंदन लाल द्वारा जहरीली दवा निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेने का मामला सामने आया। मृतक के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से गाँव रतोवाल का रहने वाला है, लेकिन करीब 60 से 62 साल पहले वे गांव ऐतियाणा में आकर बस गए थे। कुंदन लाल पिछले कई दशकों से फीड के कारोबार से जुड़े हुए थे और इलाके के कई दुकानदारों एवं व्यापारियों के साथ उनके व्यावसायिक संबंध थे।

पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक, लुधियाना और पास के कई गांवों के कुछ व्यापारियों के पास उनके लाखों रुपए बकाया फंसे हुए थे। कई लोगों द्वारा न तो पैसे वापस किए जा रहे थे और न ही उनके फोन उठाए जा रहे थे, जिस कारण कुंदन लाल पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव में रहते थे।

परिवार ने बताया कि शनिवार दोपहर के समय जब घर के सदस्य जगराओं गए हुए थे, तो कुंदन लाल ने घर में अकेले होने के दौरान जहरीली दवा निगल ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्यों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है कि मृतक की जेब से हाथ से लिखे हुए 2 कागज (सुसाइड नोट) भी मिले हैं। इन लेखों में कुंदन लाल ने अपने परिवार को किसी तरह से परेशान न करने की बात लिखी है। इसके साथ ही उन्होंने उन लोगों की एक अलग सूची तैयार की थी, जिनसे उन्होंने पैसे लेने थे। लिखावट में यह भी दर्ज किया गया है कि करीब 6 लाख रुपये उन्होंने अन्य लोगों को देने हैं, जिसका भुगतान बकाया राशि वसूल करके कर दिया जाए। इस संबंध में डी.एस.पी. दाखा, करन सिंह संधू ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News