लुधियाना के आम आदमी क्लीनिक की बदहाली पर फूटा समाजसेवी का गुस्सा, बोले- न AC, न पट्टियां, न दवाइयां

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 07:22 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना के समाजसेवी कुमार गौरव ने एक बार फिर शहर के जनहित से जुड़े मुद्दे को उठाया है। इस बार उन्होंने हैबोवाल-जस्सियां रोड स्थित आम आदमी क्लीनिक की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े किए हैं। कुमार गौरव ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर क्लीनिक की स्थिति को लोगों के सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लीनिक में मरीजों और डॉक्टरों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी में बिना AC के इलाज

कुमार गौरव के अनुसार क्लीनिक में केवल एक ही एयर कंडीशनर (AC) लगा हुआ है, लेकिन उसका कंप्रेसर पिछले कुछ महीनों पहले चोरी हो गया था। इसके बाद से AC बंद पड़ा है और भीषण गर्मी के बीच डॉक्टर मरीजों का इलाज करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने स्वयं स्वीकार किया कि AC खराब होने के कारण उन्हें गर्म वातावरण में मरीजों की जांच करनी पड़ रही है, जिससे मरीजों और स्टाफ दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
 
समाजसेवी ने दावा किया कि क्लीनिक में ड्रेसिंग के लिए जरूरी पट्टियां (बैंडेज) तक उपलब्ध नहीं हैं। इतना ही नहीं, कई बुनियादी दवाइयों का भी अभाव है, जिसके कारण इलाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
 
कुमार गौरव ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की कि क्लीनिक में जल्द से जल्द AC की मरम्मत करवाई जाए, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और डॉक्टरों को भी उचित कार्य वातावरण उपलब्ध हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News