लुधियाना में झपट्टा मार गिरोह का आतंक, राह चलती महिला से iPhone छीनकर फरार
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:13 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब राह चलती महिलाओं का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है। ताजा मामला बाजवा नगर के पास स्थित पीरों वाली दरगाह घाटी मोहल्ला के समीप से सामने आया है, जहां दो मोटरसाइकिल सवार झपट्टा मारों ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। वारदात के समय पीड़िता पैदल अपने घर की ओर जा रही थी और अपने बेटे से फोन पर बात कर रही थी, तभी पीछे से आए शातिर लुटेरे पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़िता अनीता ने बताया कि 29 अप्रैल को वह अपने काम निपटा कर पैदल घर लौट रही थी। जैसे ही वह दरगाह के पास पहुंची, पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक बड़ी तेजी से आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, लुटेरों ने उसके हाथ पर झपट्टा मारा और उसका कीमती 'आई-फोन प्रो' (iPhone Pro) छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल को भगाते हुए मौके से गायब हो गए। पीड़िता के शोर मचाने पर जब तक लोग इकट्ठा हुए, आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

