लुधियाना में इंसाफ के लिए बवाल: बेटी की मौत पर थाने के बाहर धरना, हत्या का केस दर्ज करने की मांग

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 02:10 PM (IST)

लुधियाना(राज): थाना डाबा में इंसाफ की आस लगाए बैठे एक पीड़ित परिवार का धैर्य आज जवाब दे गया। अपनी जवान बेटी अमनदीप कौर को खोने के गम में डूबे परिजनों ने पुलिस की कथित ढीली कार्रवाई और संवेदनहीनता के खिलाफ आज थाने के मुख्य गेट पर जोरदार धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

PunjabKesari

पीड़ित मां कुलवंत कौर ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई ना होने के कारण गुस्साए परिवार ने अब पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धरने पर बैठी मां कुलवंत कौर ने खाकी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी युवक वारदात के बाद से ही फरार है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने की बजाय टालमटोल कर रही है। उन्होंने बेहद संगीन आरोप लगाया कि जब वे अपनी गुहार लेकर थाने पहुंचे, तो अधिकारियों ने सहानुभूति दिखाने या कार्रवाई करने की बजाय उन्हें ही थाने से बाहर निकाल दिया।

परिवार का कहना है कि पुलिस रसूख के दबाव में मामले को रफा-दफा करने की फिराक में है और उन्हें समझौता करने का दवाब बनाया जा रहा है। जबकि उनकी मांग स्पष्ट है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए। इस विरोध प्रदर्शन के चलते थाने के बाहर काफी देर तक हंगामा बरपा रहा और राहगीरों का तांता लगा रहा।  पुलिस ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि मामला उनके संज्ञान में है और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बयानों के आधार पर ही अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हालांकि, पीड़ित परिवार ने दोटूक चेतावनी दी है कि जब तक इंसाफ का ठोस भरोसा नहीं मिलता, उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News