लुधियाना में सनसनीखेज वारदात, पिस्तौल दिखाकर घर के अंदर घुसकर की लूट
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 08:27 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में अपराधी किस कदर बेखौफ हो चुके हैं, इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। लुटेरों ने न केवल सड़क पर लूटपाट की, बल्कि एक युवक का पीछा करते हुए उसके घर के अंदर तक दाखिल हो गए और पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
थाना टिब्बा की पुलिस ने मलकीत सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी अमन नागपाल और रॉबिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि इन शातिर लुटेरों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके। पुलिस को दी गई शिकायत में मलकीत सिंह ने बताया कि घटना 3 मार्च की रात करीब 10:50 बजे की है। उनका बेटा हरमन सिंह घर के बाहर गली में अपनी मोटरसाइकिल (नंबर PB-91-3794) खड़ी कर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात दोषियों ने उसे अपना निशाना बनाने की कोशिश की। अनहोनी को भांपते हुए हरमन जान बचाने के लिए तुरंत घर के अंदर भागा, लेकिन लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे उसके पीछे-पीछे घर के अंदर तक घुस गए।
दोषियों ने अपनी डब से पिस्तौल निकाली और हरमन पर तानते हुए उसे जान से मारने की धमकियां दीं। डरे-सहमे युवक को डराने के बाद लुटेरे बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल और साथ में पड़ी लैपटॉप वाली किट लेकर रफूचक्कर हो गए। बताया जा रहा है कि उस किट में करीब 11,000 रुपये की नकदी भी मौजूद थी। देर रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

