लुधियाना में होटल में ठहरे व्यक्ति के साथ वारदात, बैग से सवा लाख रुपये की नकदी चोरी
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 10:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के एक होटल में ठहरे हुए व्यक्ति के साथ बड़ी वारदात होने का मामला सामने आया है। होटल के सुरक्षित कमरे में रात गुजार रहे एक ग्राहक के बैग से सवा लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात तब हुई जब पीड़ित कमरे के अंदर ही सो रहा था। पीड़ित ने सीधा आरोप होटल के ही स्टाफ पर लगाया है, जिसके बाद थाना डिविजन नंबर 8 की पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता सैय्यद फैजान रहमानी ने बताया कि उसने 15 अप्रैल की दोपहर करीब 12:30 बजे होटल 'टाउन हाउस' में कमरा नंबर 19 बुक करवाया था। दिन भर के काम के बाद वह रात को खाना खाकर कमरे में सो गया। सुबह जब उसकी आंख खुली और उसने अपना साइड बैग चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। बैग में रखी 1 लाख 25 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
पीड़ित का कहना है कि कमरे में किसी बाहरी व्यक्ति का आना मुमकिन नहीं था, इसलिए उसे पूरा शक है कि होटल के स्टाफ ने ही मौका पाकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब होटल के रिकॉर्ड और उस समय ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से कड़ी पूछताछ कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

