लुधियाना में फर्जी ट्रैवल एजेंटों का खेल! विदेश भेजने के नाम पर महिला से लाखों की ठगी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 01:45 PM (IST)

लुधियाना (राज): विदेश जाने के चाहवान युवाओं को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये हड़पने वाले फर्जी ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 4 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने एक महिला के बेटे को विदेश भेजने का झांसा देकर उससे 9.40 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे वापस लौटाए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर गहन जांच के बाद 2 महिलाओं सहित 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता निशा ने पुलिस उच्चाधिकारियों को लिखित दरखास्त देकर इंसाफ की गुहार लगाई थी।शिकायतकर्ता निशा ने अपने बयानों में बताया कि आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर एक सुनियोजित साजिश रची। उन्होंने शिकायतकर्ता के बेटे अनुभव शर्मा को सुनहरे भविष्य और अच्छी नौकरी का लालच देकर विदेश भेजने का झांसा दिया। इस प्रक्रिया के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उससे कुल 9,40,000/- (नौ लाख चालीस हजार) रुपये हासिल कर लिए। पैसे लेने के बाद काफी समय बीत जाने पर भी आरोपियों ने अनुभव शर्मा को विदेश नहीं भेजा।

जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और साफ मुकर गए। जब पीड़िता को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है, तो उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में नामजद किए गए आरोपी सोनिया बसरा, वसन सिंह, परविंदर कौर, सविता शर्मा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारों आरोपियों पकड़ते के लिए पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News