लुधियाना में दिनदहाड़े स्नैचिंग, पैदल जा रहे व्यक्ति से मोबाइल झपटकर फरार हुए बाइक सवार,
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 11:21 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में राहगीरों को निशाना बनाने वाले स्नैचर्स के हौसले लगातार बुलंद हैं। व्यस्त रहने वाले फाउंटेन चौक और आर्य स्कूल रोड के बीच दिनदहाड़े एक व्यक्ति से मोबाइल झपटने की वारदात सामने आई है। घर लौट रहे पीड़ित की शर्ट की जेब पर झपट्टा मारकर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेश कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि 2 सितंबर को दोपहर करीब 3:45 बजे वह फाउंटेन चौक से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह आर्य स्कूल रोड पर स्थित 'सन्नी चिकन' से थोड़ा आगे 'केमिकल हाउस' दुकान और 'आर.के. कोल ट्रेडर्स' के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक तेजी से उसके करीब आए। बदमाशों ने पलक झपकते ही पीड़ित की शर्ट की ऊपर वाली जेब पर झपट्टा मारा और उसमें रखा सैमसंग कंपनी का मोबाइल जबरन छीन लिया।
इससे पहले कि पीड़ित संभल पाता या शोर मचाता, दोनों आरोपी अपनी तेज रफ्तार बाइक दौड़ाकर भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात बाइक सवार झपटमारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्य स्कूल रोड और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है ताकि आरोपियों के हुलिए और बाइक के नंबर का सुराग लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

