लुधियाना में चीमा चौक के पास बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर ट्रक दुकानों में घुसा
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 01:18 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): चीमा चौक के नजदीक देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक ट्रक लोडिंग के लिए जाते वक्त अचानक अनियंत्रित होकर मुड़ गया और पास की दुकानों से जा टकराया। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रिडमल ट्रक को भरने के लिए जा रहा था कि रास्ते में ट्रक का गटका फेल हो गया, जिसके चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शी बलविंदर सिंह, जिनकी दुकान घटनास्थल के पास ही है, ने बताया कि यह हादसा करीब रात 1:30 से 2 बजे के बीच हुआ। अचानक ट्रक उनके गेट में आकर टकराया और साथ ही एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का शटर और बिजली के मीटर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद मौके पर एकत्र लोगों ने तुरंत चालक की स्थिति जांची, लेकिन जांच में सामने आया कि चालक ने किसी प्रकार का नशा नहीं किया हुआ था। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का तकनीकी खराब होना बताया जा रहा है।
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे भारी वाहनों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

