लुधियाना में यात्रियों और व्यापारियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 24 घंटे मिलेगी खास सुविधा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 04:31 PM (IST)
फिरोज़पुर (आनंद) : फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए लुधियाना पार्सल कार्यालय में बुकिंग की सुविधा 1 सितंबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इस अवधि के दौरान ग्राहक अपने पार्सल की बुकिंग रेलवे काउंटर से करा सकेंगे। लुधियाना देश के प्रमुख हौजरी और टेक्सटाइल व्यापारिक केंद्रों में से एक है।
होजरी सीजन के दौरान यहां से बड़ी मात्रा में कपड़े, होजरी उत्पाद और अन्य व्यापारिक सामान देश के विभिन्न हिस्सों में भेजे जाते हैं। इस अवधि में व्यावसायिक गतिविधियों के बढ़ने के कारण पार्सल बुकिंग की मांग भी बढ़ जाती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर मंडल द्वारा व्यापारियों, ग्राहकों और यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेलवे प्रशासन के अनुसार फिरोज़पुर मंडल द्वारा व्यापारियों और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध पार्सल सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।
24 घंटे पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होने से व्यापारियों को अपने सामान की बुकिंग में अधिक लचीलापन मिलेगा और रेलवे के माध्यम से माल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों और व्यापारियों से अपील है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के माध्यम से बुकिंग न कराएं और रेलवे की आधिकारिक पार्सल बुकिंग सुविधा का ही लाभ उठाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

