रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर मिलेगी नई सुविधा
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 05:26 PM (IST)
फिरोजपुर (कुमार,परमजीत,मलहोत्रा): फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर, डिजिटल लॉकर सुविधा प्रारंभ की गई है। डिजिटल लॉकर में यात्री अपने बैग एवं अन्य सामान को सुरक्षित रूप से रख सकेंगे। इससे यात्रियों को अपने सामान के साथ हर समय घूमने की असुविधा से मुक्ति मिलेगी। विशेष रूप से वे यात्री जिन्हें ट्रेन की प्रतीक्षा करनी होती है या कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना होता है। यह जानकारी देते हुए डी.आर.एम. दफ्तर फिरोजपुर के अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल लॉकर सुविधा के तहत यात्री, अपनी आवश्यकता के अनुसार, लॉकर को निर्धारित समयावधि के लिए बुक कर सकेंगे।
किराया भी समयावधि के अनुसार लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्री को, लॉकर पैनल पर, अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओ.टी.पी. प्राप्त करना होगा। तत्पश्चात लॉकर का चयन कर, क्यू.आर. कोड स्कैन कर, ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर इस सुविधा के प्रारंभ होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

