ट्रेन में सफर करने वाले यात्री दें ध्यान, रेलवे कर रहा सख्त कार्रवाई

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 05:48 PM (IST)

फिरोजपुर (कुमार): फिरोजपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध लगातार विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देश पर फिरोजपुर कैंट और जालंधर सिटी रेलखंड पर बस रेड के माध्यम से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में औचक टिकट जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा कर रहे 328 यात्रियों को पकड़ा गया जिनसे 2,78,835 का रेल राजस्व वसूल किया गया।

यह जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी रेलखंड पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। बस रेड के तहत टिकट जांच दल बस के माध्यम से इस रेलखंड पर स्थित विभिन्न स्टेशनों पर पहले ही पहुंच गए और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों तथा स्टेशन परिसर में औचक टिकट जांच की गई।

उन्होंने फिरोजपुर मंडल के यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा टिकट जांच में रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें। यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News