लुधियाना में Reel का खुमार: युवकों ने सरेआम लहराई पिस्तौल, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 09:06 AM (IST)
लुधियाना(राज): पंजाब में सरकार के दावे हवा नजर आ रहे है, सरकार ना तो पंजाब को नशा मुक्त कर पा रही है, और ना ही युवांओं में बढ़ रहे हथियारों के क्रेज का रोक पा रही है। युवां आज भी खुलकर सोशल साइट्स पर खुलसर हथियारों का प्रदर्शन कर रही है। जबकि पंजाब सरकार ने हथियारों को प्रमोट करने पर सख्त पाबंदी लगाई थी और पुलिस ने कई पर्चे भी दर्ज किए, मगर लगता है कि लुधियाना के बिगड़ैल युवाओं के सिर पर कानून का नहीं, बल्कि रील का भूत सवार है।
ताजा मामला मोती नगर इलाके का है, जहां दो युवकों की वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी है, जिसमें वे खुलेआम पिस्तौल लहराकर रील बनाते हुए नजर आ रहे है। हैरानी की बात यह है कि सरकार और पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे ये युवक गाड़ी में सवार होकर सरेआम हथियार चमका रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ये युवक कभी गाड़ी की खिडक़ी से बाहर निकलकर पिस्तौल लोड करते हैं, तो कभी उसे आसमान की तरफ लहराकर अपनी बहादुरी का ढोंग रचते हैं। सूत्रों की मानें तो इन युवाओं के पास न तो कोई आम्र्स लाइसेंस है और न ही इन्हें कानून का रत्ती भर डर। इनके हाथों में दिख रहे हथियार अवैध होने की पूरी आशंका है, जो शहर की अमन-शांति और आम जनता की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन चुके हैं।
आजकल के युवाओं के लिए हथियार रखना कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक स्टेटस सिंबल बन गया है। रसूखदार घरों के लडक़े छोटी उम्र में ही सिफारिशी लाइसेंस बनवाकर गलियों में घूमते हैं, तो कुछ अपना शौक पूरा करने के लिए अवैध हथियारों का सहारा लेने से भी परहेज नहीं कर रहे। मोती नगर के इन युवकों की करतूत ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। क्या पुलिस का खौफ अब सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है? क्या चंद लाइक और व्यूज के लिए सरेआम हथियारों का प्रदर्शन करने वाले इन रील-बाजों पर शिकंजा कसा जाएगा या फिर पुलिस किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है? अब देखना यह होगा कि लुधियाना पुलिस इन युवकों पर कार्रवाई करती है या फिर ये हथियारबंद रील ऐसे ही सोशल मीडिया पर प्रशासन का मजाक उड़ाती रहेगी।

