शहर के Posh इलाके में सरेआम मौत का इंजेक्शन लगा रहा युवक, VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 10:14 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके दुगरी फेस-1 से एक बेहद विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। दुगरी एल.आई.जी. फ्लैट्स फेस-1, बग्गा नर्सिंग होम अस्पताल की बैक साइड स्थित पार्क में एक युवक सरेआम नशे का इंजेक्शन लगाता कैमरे में कैद हुआ है।

नशे की इस भयावह तस्वीर ने इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, उक्त पार्क में जब लोग टहल रहे थे, तभी एक युवक पार्क के कोने में खड़ा होकर अपनी जांघ पर नशे का इंजेक्शन लगाता दिखाई दिया। युवक इस कदर नशे की गिरफ्त में था कि उसे आस-पास से गुजर रहे लोगों का कोई खौफ नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बग्गा नर्सिंग होम के पीछे बने इन फ्लैट्स और पार्कों में नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। निवासियों ने रोष जताते हुए कहा कि पुलिस की गश्त न होने के कारण इन पार्कों में असामाजिक तत्वों ने डेरा जमा लिया है। सरेआम इंजेक्शन लगाने की इस घटना से बच्चों और महिलाओं में असुरक्षा की भावना है। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और पार्कों को नशेड़ियों के चंगुल से आज़ाद कराया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News