Ludhiana: पॉश इलाके में चोर रंगे हाथों काबू, कर्मियों ने दबोच किया पुलिस के हवाले
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 10:07 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में चोरी और लूट की वारदातें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित गिल टावर में बीती रात एक शातिर चोर द्वारा चोरी की नियत से धावा बोलने का मामला सामने आया है। हालांकि, मुस्तैद कर्मचारियों की सूझबूझ के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
घटना की सूचना तुरंत थाना मॉडल टाउन की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस पार्टी ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी रमनदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सुमन अस्पताल के नजदीक स्थित कॉम्प्लेक्स 'गिल टावर' की देखरेख करने वाले कुलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च की शाम करीब 7:45 बजे वह दफ्तर में मौजूद था।
इसी दौरान उसे दफ्तर की छत पर कुछ खड़कने और अजीब आवाजें सुनाई दीं। शक होने पर जब वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ छत पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गया। छत पर एक युवक, जिसकी पहचान रमनदीप सिंह के रूप में हुई है, दफ्तरों में लगे एयर कंडीशनर (AC) के आउटडोर यूनिट की कीमती कॉपर पाइपों को तोड़ने और उखाड़ने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही रमनदीप ने कर्मचारियों को देखा, उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद सतर्क कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

