लुधियाना : पॉश कॉलोनी में चोरी की आई शामत, मालिक ने रंगे हाथों पकड़ा और फिर...
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 10:04 AM (IST)
लुधियाना (राज): गांव जंडियाली की पॉश कॉलोनी 'निर्वाणा पाम सिटी' में एक शातिर चोर को चोरी करते हुए रंगे हाथों काबू करने का समाचार प्राप्त हुआ है। घर में घुसकर कीमती फिटिंग चोरी कर रहे इस आरोपी को घर के मालिक ने अपने रिश्तेदारों और पड़ोसियों की मदद से दबोच लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बलदेव सिंह है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रितपाल सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि निर्वाणा पाम सिटी में उसका मकान नंबर 324-325 उसकी पत्नी के नाम पर है। उसी के साथ मकान नंबर 322 उसकी बहन सुखविंदर कौर का है। बीती 8 मार्च को वह अपनी बहन के घर बैठा हुआ था कि अचानक उसे अपने घर से किसी चीज के टूटने की आवाज सुनाई दी। जब उसने बाहर निकलकर देखा तो उसके घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। जैसे ही मालिक घर के अंदर दाखिल हुआ तो उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति बाथरूम में घुसकर 'जैगुआर' कंपनी की महंगी टोंटियां (नल) खोल रहा था। मालिक ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत बाहर का दरवाजा बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसका भांजा एकजोत सिंह और पड़ोसी अजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। तफ्तीश के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान बलदेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी इलाके में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

