लुधियाना में चोरों का आतंक, पलक झपकते ही डिलीवरी बॉय का मोटरसाइकिल चोरी
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 10:26 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे चंद मिनटों के लिए लावारिस छोड़े गए वाहनों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला सामने आया है जहां एक युवक का मोटरसाइकिल उस समय चोरी हो गया जब वह कुछ ही देर के लिए ओट में हुआ था। दुगरी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता राजन ने बताया कि वह 15 अप्रैल की रात को अपने स्पलेंडर मोटरसाइकिल (नंबर PB-10-JG-9301) पर सवार होकर 'ब्लिंकिट' (Blinkit) से ऑर्डर लेकर रांची कॉलोनी की तरफ जा रहा था। रात करीब 11:00 बजे जब वह क्रॉस विंड फ्लैट्स के सामने स्थित अंडरब्रिज के पास पहुंचा, तो उसने कुछ देर के लिए अपना मोटरसाइकिल साइड में खड़ा किया और बाथरूम करने के लिए चला गया।
पीड़ित ने बताया कि जब वह कुछ ही मिनटों बाद बाथरूम करके वापस लौटा, तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। वहां खड़ा उसका मोटरसाइकिल गायब था। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब मोटरसाइकिल का कुछ पता नहीं चला, तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शातिर चोर का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

