लुधियाना में शातिर चोर की चालाकी! ग्राहक बनकर दुकान में घुसा, बातों में उलझाकर उड़ाया मोबाइल
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 09:46 AM (IST)
लुधियाना(राज): समराला चौक के समीप शिंगार सिनेमा रोड पर ग्राहक बनकर आए एक शातिर चोर ने बड़ी ही चालाकी से दुकानदार का ध्यान भटकाकर उसका कीमती स्मार्टफोन चोरी कर लिया। चोर ने पहले मामूली खरीदारी कर दुकानदार को बातों में उलझाया और जैसे ही दुकानदार सामान निकालने के लिए मुड़ा, उसने काउंटर टेबल पर रखा मोबाइल उड़ा लिया और रफूचक्कर हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिंगार सिनेमा रोड स्थित 'मठियां वाले पापा जी दी हट्टी' के संचालक शिवम खन्ना अपनी दुकान पर मौजूद थे। शिवम खन्ना ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति सामान्य ग्राहक की तरह दुकान में दाखिल हुआ। उसने सबसे पहले 15 से 20 रुपये का कुछ छोटा-मोटा सामान खरीदा। इसके बाद उसने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाने की नीयत से तरह-तरह की चीजें दिखाने को कहा और बार-बार अपनी पसंद बदलता रहा। सामान देखने के बहाने वह धीरे-धीरे आगे खिसकते हुए सीधे गल्ले (कैश काउंटर) के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, आरोपी ने आखिर में शिवम से कहा कि 5 रुपये की टॉफियां भी दे दो। जैसे ही शिवम टॉफियों का डिब्बा निकालने के लिए पीछे मुड़े, शातिर चोर ने काउंटर टेबल पर रखे ओप्पो A3x 5G स्मार्टफोन पर हाथ साफ कर दिया। उसने इतनी सफाई और बेफिक्री से मोबाइल उठाया मानो वह फोन उसी का हो। वारदात को अंजाम देते ही वह बिना समय गंवाए तेजी से दुकान से बाहर निकल गया। ग्राहक के जाने के कुछ ही पलों बाद जब शिवम की नजर टेबल पर पड़ी, तो वहां से उनका मोबाइल फोन गायब था। अनहोनी की आशंका होते ही उन्होंने तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की। फुटेज देखने पर साफ हो गया कि टॉफी मांगने का नाटक करने वाले उसी ग्राहक ने बड़ी ही धूर्तता से टेबल से फोन उठाया और जेब में डालकर चलता बना। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर शातिर चोर की पहचान और धरपकड़ के प्रयास कर रही है।

