Ludhiana के Posh इलाके में चली गोलियां, इधर-उधर भागे लोग
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:35 AM (IST)
लुधियाना(राज); महानगर के सबसे पॉश इलाके मॉडल टाउन में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब नेल स्टूडियो के मालिक ने मामूली विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हानी नहीं हुई, लेकिन गोलियों की गूंज से इलाके के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने दुगरी के रहने वाले आरोपी रोज उप्पल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक एस.आई. रूप लाल पुलिस पार्टी के साथ 8 मार्च को गश्त के दौरान बरिस्ता कॉफी कट मॉडल टाउन के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि 'नेशन नेल स्टूडियो' नंबर 496-एल के मालिक रोज़ उप्पल का अपनी पूर्व महिला कर्मचारी रितिका के साथ पुरानी रुकी हुई सैलरी को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के निपटारे के लिए रितिका के पक्ष से माधव कुमार स्टूडियो पहुंचे थे।
वहां दोनों पक्षों के बीच पहले तो तीखी बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना गरमा गया कि स्टूडियो मालिक रोज़ उप्पल ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि रोज़ उप्पल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और सरेआम फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और आरोपी रोज़ उप्पल के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली तफ्तीश शुरू कर दी है।

