Ludhiana में दिन-दिहाड़े चलती ऑटो में ज्वैलर के कारीगर से लूट, हैरत में डाल देगा मामला

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 09:01 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में लुटेरों और झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन-दिहाड़े वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट का सामने आया है, जहां एक ऑटो गैंग ने मिलकर एक ज्वैलर के कारीगर को अपना निशाना बनाया। शातिर गैंग ने न केवल चलती ऑटो में कारीगर की जेब से सोने के गहने चोरी किए, बल्कि वारदात के बाद उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। इसके बाद पुलिस ने अप्पड़ा मेन बाजार स्थित कालड़ा ज्वैलर्स के मालिक विनोद कालड़ा की शिकायत पर आरोपी परमजीत सिंह उर्फ प्रीत और उसके साथी पलविंदर सिंह उर्फ तेजू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए विनोद कालड़ा ने बताया कि उसकी फिल्लौर के अप्पड़ा मेन बाजार स्थित कालड़ा ज्वैलर्स के नाम से शॉप है। उनका कारीगर अमीर गायन, जो उनके पास सोने के गहने तैयार करने का काम करता है, 1 मार्च को बस के जरिए लुधियाना के सराफा बाजार आ रहा था। उसे गहनों की हॉलमार्किंग और फिनिशिंग के लिए भेजा गया था। 

लुधियाना पहुंचकर जब वह आगे जाने के लिए बजाज ऑटो में सवार हुआ, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे ऑटो चालक परमजीत सिंह और उसके साथी पलविंदर सिंह ने अपनी चाल चल दी। पीड़ित कारीगर के अनुसार, सफर के दौरान ही दोनों आरोपियों ने बड़ी सफाई से उसकी जेब में हाथ साफ कर दिया और उसमें रखे सोने के जेवरात निकाल लिए। जैसे ही पेट्रोल पंप के पास ऑटो पहुंचा, आरोपियों ने उसे जबरन धक्का देकर नीचे उतार दिया। जब तक पीड़ित संभल पाता और अपनी जेबें चेक करता, तब तक उसके होश उड़ गए क्योंकि जेब से कीमती गहने गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही ज्वैलर मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News